दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर खेरली नहर के पास हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर खेरली नहर के पास तेज रफ्तार बलेनो कार की टक्कर से बाइक सवार दो कंपनी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक कर्मचारी संजय शर्मा की मौत हो गई जबकि दूसरे युवक कपिल की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की पत्नी ने कार चालक के खिलाफ दनकौर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
बुलंदशहर निवासी कुसुम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई को उनके पति संजय शर्मा नोएडा से अपने सहकर्मी कपिल के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। खेरली नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बलेनो कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया जहां से संजय की हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई जबकि कपिल अब भी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।