तावडू। उपमंडल में चीला-भाजलाका रोड पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक शहजाद की मौत हो गई। शहजाद का 3 माह पहले ही निकाह हुआ था। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चीला निवासी अहमद ने बताया कि तावडू में उसकी वेल्डिंग की दुकान है। सोमवार सुबह छोटा भाई शहजाद (23) बाइक लेकर तावडू दुकान पर आ रहा था। वह दूसरी बाइक पर उसके पीछे-पीछे चल रहे थे। सुबह करीब 9.15 बजे जब वह भजलाका गांव में टटला ढाणी के नजदीक पहुंचे तो भाजलाका की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने शहजाद की बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शहजाद गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग और उनके परिजन भी पहुंच गए। अहमद ने बताया कि हादसे में लगी गंभीर चोटों के कारण शहजाद की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चीला निवासी वरिष्ठ समाजसेवी खालिद ने बताया कि शहजाद की करीब 3 महीने पहले शादी हुई थी। वह अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। इस घटना से जहां गांव में मातम का माहौल है तो परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।