बाइक पे : कंपनी के दो डायरेक्टर सहित तीन गिरफ्तार
नोएडा। बाइक बोट की तर्ज पर बाइक पे कंपनी चलाकर निवेशकों से लाखों की ठगी करने के आरोपी दो डायरेक्टरों समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस कंपनी के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-3 में बाइक बोट की तर्ज पर कुछ महीने पहले बाइक पे कंपनी खोली थी। इस कंपनी में सत्येंद्र कुमार, अजीत सिंह, मानवेंद्र सिंह, मनीष कुमार, जयपाल, जतिन और रोहित आदि डायरेक्टर थे। यह कंपनी 60 हजार रुपये निवेश कराकर एक साल तक प्रति महीने दस हजार रुपये का लाभ देने का वादा करती थी। सेक्टर-155 के ए ब्लॉक निवासी अमित चतुर्वेदी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह और उनकी मौसी ने 37 लाख 20 हजार रुपये का निवेश किया था।
आरोप था कि दो महीने तक आरोपियों ने रिफंड किया था। इसके बाद आरोपी रिफंड देने के नाम पर बहाने बनाते रहे और कंपनी बंद कर फरार हो गए थे। शिकायत पर सेक्टर-20 थाने में सतेंद्र कुमार, अजीत सिंह, मानवेंद्र सिंह, मनीष कुमार, जयपाल, जतिन व रोहित के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अब इस मामले में पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर सतेंद्र कुमार व मानवेंद्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दिसंबर 2018 से ये लोग ठगी कर रहे थे। दो महीने तक निवेशकों को पैसे लौटाने के बाद सेक्टर-3 का ऑफिस बंद कर दिया था। इसके बाद सेक्टर-16 में सिफकॉन बाइक के नाम से दूसरी कंपनी खोल दी। जब निवेशकों को इस ऑफिस के बारे में पता चला तो यहां से भी खाली कर चले गए। इसके बाद तीसरी कंपनी भी खोल दी। जून में इस कंपनी को बंद दिया।
छह हजार से अधिक निवेशक
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पे कंपनी में 6 हजार से अधिक लोगों ने निवेश किया है, यानी 70 करोड़ रुपये से अधिक रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया। कंपनी में निवेश करने वाले लोग धीरे-धीरे पुलिस से संपर्क कर रहे हैं।