तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत
नूंह। खंड के गांव रेवासन में तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों बच्चियों के शव को नूंह सीएचसी में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बच्चियों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे डेढ़ वर्षीय बच्ची सालिका पुत्री दीनू अन्य बच्चों के साथ गांव के तालाब के पास खेलने के लिए गई थी। खेलते हुए अचानक से वह तालाब में गिर गई। उसके गिरने के बाद साथ में खेल रही अरुणा पुत्री अरशद (10) व सुबीना पुत्री शेर मोहम्मद (8) उसे बचाने के दौरान तालाब में गिर गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में डेढ़ वर्षीय बच्ची सालिका का शव पानी के ऊपर आ गया, जिससे ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों ने उसके शव को निकाला। वहीं पास में मौजूद लोगों ने बताया कि यहां पर तीन लड़कियां खेल रही थी, जिससे उन्होंने अन्य दोनों बच्चियों के शवों को भी तालाब से निकाला। इस घटना के बाद में ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचशवों का नूंह सीएचसी में पोस्टर्माटम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रोजका मेव थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि तालाब में डूबने से सभी बच्चियों की मौत हुई है। परिजनों की लापरवाही के कारण इतनी बड़ी घटना हुई है।