बरखेड़ा। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर ग्राम पतरसिया के निकट मंगलवार देर रात बाइक सवार बेसहारा पशु से टकरा गए। हादसे में युवक की मौत हो गई। जबकि, एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरेली के थाना देवरनिया क्षेत्र के गांव महमूदापुर निवासी पुष्पेंद्र (21) पुत्र वीरेंद्र सिंह अपने दोस्त कमल कुमार (20) निवासी बिचपुरी के साथ बाइक से बीसलपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे पतरसिया गांव के पास अचानक बेसहारा पशु की बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे लोगों ने दोनों को सीएचसी बरखेड़ा पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान पुष्पेंद्र ने दम तोड़ दिया, जबकि कमल कुमार का इलाज जारी है। शव परिजन अपने गांव ले गए। पुष्पेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई शेर सिंह, रणजीत और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।