ससुराल से पत्नी, बच्चे सहित घर जा रहे बाइक सवार और खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे और महिला को भी चोट लगी है। मौका पाकर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। उत्तर प्रदेश के पुरकाजी थाना क्षेत्र के अलमावाला गांव निवासी सुखदेव सिंह पुत्र बलबीर सिंह अपनी ससुराल बुक्क्नपुर से बाइक पर पत्नी जसप्रीत कौर अपने बेटे एकल सिंह के साथ शनिवार अपराह्न दो बजे लक्सर-खानपुर मार्ग से अपने घर अलमावाला जा रहे थे।
जैसे ही वह सिडकुल और प्रहलादपुर के तिराहे पर पहुंचे खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पत्नी और बेटे को भी चोट लगी है। मौका पाकर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एंबुलेंस नहीं आने पर निजी एंबुलेंस उन्हें गोवर्धनपुर के एक अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि उसे फिलहाल ऋषिकेश के एम्स में भर्ती कराया गया है। वहां हालत गंभीर बताई जा रही है।