पुन्हाना। पुन्हाना-होडल मार्ग पर कमल हॉल के पास देर रात एक युवक से लुटेरे ने धक्का देकर बाइक व मोबाइल फोन छीन लिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पैमा मोड़ से पकड़ लिया। उसकी पहचान तारीफ निवासी गांव पैमाखेड़ा के रूप में हुई हैं। पीड़ित राजस्थान से अपनी पत्नी को मायके छोड़ने आया था।
जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित साहिद निवासी गांव चौमा थाना रामगढ़ जिला अलवर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 6 फरवरी रात्रि करीब 10 बजे अपनी पत्नी को उसके मायके सिंगार गांव में छोड़कर अपने एक रिश्तेदार के घर लहरवाड़ी जा रहा था। पीड़ित का आरोप है कि जब वह पुन्हाना कमल हॉल के पास पहुंचा तो उसने बाइक को रोककर अपने रिश्तेदार को फोन किया। अचानक एक अज्ञात युवक हाथ में डंडा लेकर आया और बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए युवक से मोबाइल फोन व बाइक को छीनकर फरार हो गया। पीड़ित अपने ससुराल चला गया। जांच अधिकारी सुनील ने बताया कि पीड़ित ने सोमवार को शिकायत दी जिसके बाद घटना का मौका मुआयना किया गया और आरोपी को देर शाम मुखबिर की सूचना पर पैमा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से लूटपाट के दौरान छीना हुआ मोबाइल फोन व बाइक को बरामद कर लिया गया है। जिसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।