हत्या के आरोपी के नाम पर स्कूल मालिक को फोन किया था
-
9 मामले आरोपी पर जालसाजी, झपटमारी व आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हैं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
भोजपुरी फिल्म अभिनेता व यू-ट्यूबर मो. शाहिद उर्फ स्टार उर्फ राज सिंघानिया उर्फ राज उर्फ लल्लन (25) ने एक स्कूल मालिक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने स्कूल मालिक को हत्या के आरोपी फहाद के नाम पर फोन किया था, लेकिन वसूली से पहले ही दक्षिण-पूर्व जिले के स्पेशल स्टाफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल बरामद किया गया। मो. शाहिद के खिलाफ पहले से जालसाजी, झपटमारी व आर्म्स एक्ट आदि के नौ से ज्यादा मामले भी दर्ज हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी राजेश देव के अनुसार, जामिया नगर निवासी मेहरुद्दीन अंसारी (47) ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस को 27 फरवरी को शिकायत दी थी कि किसी ने 25 फरवरी को फोन कर एक करोड़ रुपये मांगे। आरोपी ने खुद को हत्या के आरोपी फहाद व बल्लू का भतीजा बताया था। मामला दर्ज कर जिले के स्पेशल स्टाफ प्रभारी दिनेश मोराल की देखरेख में एसआई नवीन कुमार, एसआई आकाश तोमर व हवलदार महेंद्र की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने उस मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली जिससे रंगदारी के लिए फोन आया था। इसके बाद इंस्पेक्टर दिनेश मोराल की टीम ने आरोपी भोगल निवासी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पहलवान चौक, बटला हाउस जामिया नगर में बेसमेंट में स्टार फिल्म नाम से वर्ष 2014 से ऑफिस चलाता है। इस दौरान वह फहाद के संपर्क में आया। फहाद ने उसे ऐसे पैसे वाले व्यक्ति की तलाश करने के लिए कहा था जिससे मोटी रकम ऐंठी जा सके। आरोपी को पता लगा कि पीड़ित बिल्डर है और उसके दो स्कूल हैं। फहाद के कहने पर उसने 25 फरवरी को एक करोड़ रुपये ऐंठने के लिए फोन किया था।