भाकियू के पदाधिकारियों को समझाते एसडीएम सदर। संवाद
- फोटो : samvad
आगरा रोड आवास-विकास कॉलोनी स्थित मयंक इंटरप्राइजेज नाम की फर्म पर नकली खाद देने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियर (भानु गुट) के पदाधिकारियों ने शनिवार को हंगामा किया। नारेबाजी करते वे धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे उपकृषि निदेशक और एसडीएम सदर ने इन पदाधिकारियों को समझाकर शांत कराया। कृषि विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद खाद का नमूना लिया।
गांव परसारा निवासी सतेंद्र का कहना था कि करीब दो माह पूर्व वह मयंक इंटरप्राइजेज से 20 कट्टे खाद खरीदकर ले गए थे। उन्हें कट्टों में भरी खाद नकली महसूस हुई तो वह इसकी शिकायत लेकर दुकानदार के पास पहुंचे। दुकानदार ने खाद को वापस लेने से इन्कार कर दिया, जिससे नाराज होकर किसान दुकान के बाहर ही धरने पर बैठ गया।
पीड़ित किसान के साथ भाकियू भानु के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी धरने पर बैठ गए और दुकानदार पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह और उपकृषि निदेशक हसंराज मौके पर पहुंच गए। किसानों का कहना था कि नकली खाद से फसल खराब हो जाएगी। उन्होंने नकली खाद बेचने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान अधिकारियों मौके पर उस आईपीएल कंपनी की डीएपी नहीं मिली, जिसके बारे में किसान ने शिकायत की थी। इसके बाद अधिकारियों ने गोदाम की जांच की। जांच में पता चला कि विक्रेता ने खाद बेचने की रसीद नहीं दी थी। गोदाम से एसएसपी खाद का नमूना लिया। उप कृषि निदेशक हंसराज ने बताया कि प्रथमदृष्टया खाद नकली प्रतीत हो रही थी। किसान पर खाद लेने की रसीद नहीं थी। जिला कृषि अधिकारी को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।