कुछ आपराधिक गिरोह के बदमाश मानते हैं कि दिवाली पर लूट और डकैती की वारदात करना उनके लिए शुभ होता है। ऐसे में यह बदमाश पर्व पर आपराधिक वारदात विशेषरूप से सोना लूटने का प्रयास करते हैं।
दिवाली की रात लोगों के दरवाजे, खिड़कियां आसानी से खुले मिल जाते हैं। ऐसे में यह बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देने में सफल रहते हैं। इनसे निपटने के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। वहीं लोगों को भी त्योहार पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।
दिवाली पर ज्यादातर लोग घर पर नकदी और जेवर रखकर पूजन करते हैं। रात में लक्ष्मी घर में आएगी, इस विश्वास के साथ कई लोग अपने घरों के दरवाजे भी रात में खुले रखते हैं। इसी का लाभ उठाकर अहेडिया, बावरिया और छैमार आदि गिरोह के बदमाश आसानी से लूट और डकैती जैसी वारदात को अंजाम दे देते हैं।
ऐसे बदमाश विशेषरूप से सड़कों के आसपास बने घरों में वारदात करते हैं। सर्राफ भी इनके निशाने पर होते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने दो दिन लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ज्वैलर्स को भी अपने सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की जरूरत है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
एसएसपी का कहना है कि सबसे पहले तो 100 नंबर, फिर अपने क्षेत्र के थाना-कोतवाली पर सूचना दें। एसएसपी के सीयूजी नंबर 9870395001 पर भी सूचना दे सकते हैं।
यह सावधानी बरतें
यदि कोई अंजान व्यक्ति गिफ्ट देने आए तो पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही उसे घर में प्रवेश करने दें।
रात में घर का दरवाजा खुला न छोड़ें और सभी खिड़कियां भी अच्छी तरह बंद करें, जिससे कोई अंदर न आ सके।
पटाखाें के शोर में बदमाश आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं इसलिए सतर्क रहें।
पटाखे छोड़ने बाहर जा रहे हैं या किसी पड़ोसी के यहां जा रहे हैं तो घर को अच्छे तरह बंद कर दें।
घर पर बच्चों को अकेला न छोड़े और संभव हो तो मकान को बंद कर बाहर न जाएं।
अगर किसी परिस्थिति में घर से बाहर जाना पड़ रहा है तो जेवर और नकदी को सुरक्षित रखकर जाएं
दिवाली पर कुछ गिरोह के बदमाश लूटपाट और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देना शुभ मानते हैं। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। दूसरी सुरक्षा कमेटियों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा में लगाया गया है। थाना वार दो-दो टीमों को अलग से तैनात किया गया है।
वैभव कृष्ण, एसएसपी गौतमबुद्धनगर