मूलरूप से आगरा निवासी महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी बेटी करीब तीन माह पहले आगरा से नोएडा में नौकरी करने के लिए आई थी। वह कोतवाली फेज थ्री क्षेत्र की एक कंपनी में काम करती थी और गढ़ी चौखंडी में रहती थी। कंपनी में काम करते समय उसकी मुलाकात कानपुर देहात के जामू गांव निवासी भानू सिंह से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
एक दिन महिला को उसकी बेटी ने बताया कि वह भानू के साथ शादी करना चाहती है। भानू ने भी उसे शादी करने का भरोसा दिया है। इस पर महिला ने भी अपनी सहमति दे दी। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही भानू ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर युवती ने 27 अक्तूबर को कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एसीपी वर्णिका सिंह का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।