घर में ताक-झांक का विरोध करने पर मारपीट
छिजारसी की घटना, 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। छिजारसी में किसी दूसरे के घर में झांकने का विरोध एक व्यक्ति को नागवार गुजरा। आरोप है कि उसने दूसरे घर में रहने वाले किरायेदार को धमकाना शुरू किया। बचाव में उतरे मकान मालिक और उसके बेटों पर दोस्तों को बुलाकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
इसमें मकान मालिक के दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर है और आईसीयू में इलाज चल रहा है। शिकायत पर सेक्टर-63 थाना पुलिस ने 5 के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पवन कुमार शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। 17 सितंबर की रात करीब 12 बजे उनके घर में गांव निवासी मनीष ताक-झांक करने लगा। किरायेदार निशांत द्वारा विरोध करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने लगा। तभी पास में बैठा शिकायतकर्ता का बड़ा बेटा शुभम शर्मा बीचबचाव कराने लगा। आरोपी मनीष ने उसे धमकी दी और चला गया। थोड़ी देर बाद निशांत ने शिकायतकर्ता के छोटे पुत्र प्रियम के पास फोन करके बताया कि कुछ लोग घर पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर झगड़ा कर रहे हैं। प्रियम वहां पहुंचा और देखा कि लोग उसके बड़े भाई शुभम और निशांत को पीट रहे थे। मौके पर आरोपी मनीष, दानिश, मोहित प्रजापति, अमरजीत और पंकज के अलावा अन्य लोग शामिल थे। थाना प्रभारी अवधेष प्रताप ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।