नूंह। खंड में आगामी 17-18 जनवरी को होने वाली सक्षम परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में खंड शिक्षा अधिकारी अब्दुल मजीद ने फिरोजपुर नमक स्थित जेबीटी संस्थान में खंड के सैकड़ों अध्यापकों के साथ शनिवार को बैठक की। उन्होंने सभी अध्यापकों को बच्चों के साथ अभी से तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 17-18 जनवरी को दो दिन यह परीक्षा आयोजित की जाएगी जिसमें 3-5 कक्षा की गणित, हिंदी व ईवीएस की परीक्षा होगी। जबकि 6-8 कक्षाओं के हिंदी, विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। शनिवार को इस बैठक में खंड के 115 प्राथमिक स्कूलों के 800 अध्यापकों ने भाग लिया। इसके अलावा प्राथमिक से ऊपर के भी 95 स्कूलों के मुखियाओं ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि हालांकि नूंह खंड की कक्षा तीसरी, पांचवीं व सातवीं कक्षा पहले ही सक्षम हो चुकी है। लेकिन इस परीक्षा में फिर से 3, 4, 5, 6, 7 व 8वीं कक्षाओं की परीक्षा आयोजित कराई जाएंगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी कक्षाओं के बच्चों को हर विषय में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने जरूरी हैं। तभी जाकर वह सक्षम श्रेणी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले स्कूल मुखिया व संबंधित विषय के अध्यापक पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद सभी अध्यापकों ने पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ विजय प्रतीक व खंड के सभी स्टार अध्यापकों की टीम के सदस्यों ने अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया।