चंदपा क्षेत्र में बुधवार की रात को एक बार फिर चोरों ने एक घर व कैफे को निशाना बनाया। यहां से सोलर प्लेट की बैटरियां व अन्य सामान चोरी हुआ है। कोतवाली सदर क्षेत्र में ई-वाहन शोरूम से चोर बैटरी चोरी कर ले गए। एसपी ने इन घटनाओं के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है।
गांव मीतई निवासी हर्षित चौधरी का आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कैफे है। हर्षित ने बताया कि चोर ताला तोड़कर उनके यहां से दो बैटरी व इन्वर्टर, पांच सौ रुपये व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह आठ बजे चोरी की जानकारी मिलने पर वह कैफे पहुंचे। हर्षित ने बताया कि पूर्व में भी उनके कैफे में चोरी हो चुकी है, लेकिन चोरों का आज तक पता नहीं चला।
इसके अलावा हरिवंश विहार कॉलोनी गिजरौली के रहने वाले विवेक कौशिक के मीतई स्थित घर में भी चोरी हो गई। विवेक ने बताया कि मीतई बाईपास पर उनका घर है, जो अधिकतर बंद रहता है। मकान पर सोलर प्लांट लगा हुआ है, जो इन्वर्टर व बैटरी से जुड़ा है। बृहस्पतिवार की सुबह जब वह घर पहुंचे तो लाइट बंद थी। बाद में पता चला कि बैटरी इन्वर्टर चोरी हो चुके हैं और सीसीटीवी कैमरे भी अस्त-व्यस्त हैं। पुलिस को सूचना दी गई और बाद में चंदपा कोतवाली में तहरीर दी गई।
कोतवाली सदर क्षेत्र में बाईपास पर कुंवरपुर पुलिया स्थित ई-वाहन शोरूम में भी चोरों ने सेंध लगा दी। यहां से भी चोर सात लीथियम बैटरी, एक ग्राइंडर मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक टूल किट, 20 हजार रुपये, दो बैटरी व इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर आदि सामान चोरी कर ले गए।
नहीं थम रहीं चोरी की घटनाएं
चंदपा, मुरसान व शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले 15 दिनों में एक दर्जन घटनाएं हो चुकी हैं। चंदपा में पांच नवंबर की रात सीमेंट की दुकान में चोरी हुई थी। छह नवंबर की रात को मुरसान में बाइक शोरूम से लाखों की चोरी हुई। आठ नवंबर की रात को इगलास चौराहा स्थित बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान में चोरी हुई। अब बुधवार की रात तीन स्थानों से चोर बैटरी ले गए।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही इन घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी