जलपुरा का मामला, ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जलपुरा गांव में शादी समारोह में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान गांव के दर्जनों लोगों ने बरातियों के साथ मारपीट और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इस दौरान पथराव भी किया गया। सूचना पर पहुंची ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की और चारा आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली के कोंडली से बुधवार को एक बरात जलपुरा आई थी। इसी में सूरजपुर निवासी योगेंद्र परिवार के साथ पहुंचे थे। योगेंद्र का कहना है कि उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी। जब वह लौटे तो कुछ लोगों ने अचानक अन्य बरातियों और उन पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनके बेटे के सिर में भी गंभीर चोट आई। उन्होंने जेवर छीनने का भी आरोप लगाया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को नियंत्रित किया। पीड़ित दीपक की तहरीर पर यासीन, युसूफ, वकील, आरिफ, नदीम, आलम, जुनैद, माजिद, सद्दाम, फिरोज, कालू, शोएब समेत कई अज्ञात के खिलाफ मारपीट, हमला, लूट आदि की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। घायलों का मेडिकल कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।