नूंह। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय बार काउंसिल के चुनाव जिले में 18 मार्च को आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1112 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान केंद्र नंबर-67 और 68 जिला न्यायालय परिसर नूंह में तथा मतदान केंद्र नंबर -69 उपमंडल फिरोजपुर झिरका न्यायालय परिसर में स्थापित किया गया है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि मतदान 18 मार्च को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक होगा। मतदान केंद्र नंबर-67 पर 480, केंद्र नंबर-68 पर 459 तथा फिरोजपुर झिरका के केंद्र नंबर-69 पर 173 मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव की प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से होगी, जबकि मतगणना 20 मार्च को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में बने मतगणना केंद्र पर की जाएगी। लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं। अतिरिक्त उपायुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है और पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद