शादी का झांसा देकर बैंककर्मी युवती से दुष्कर्म का आरोप
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-113 क्षेत्र में रहने वाली युवती ने शादी का झांसा देकर एक ठेकेदार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि शराब के नशे में फ्लैट में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
युवती ने पुलिस से शिकायत की थी कि ढाई साल पहले युवती की इंस्टाग्राम से इटावा के रहने वाले ठेकेदार से दोस्ती हुई थी। ठेकेदार ने नजदीकी बढ़ाई। अपने घरवालों से भी शादी के सिलसिले में मिलवाया। शादी का वादा कर नोएडा और अन्य जगह पर कई बार दुष्कर्म किया। जनवरी 2026 में पता चला कि ठेकेदार ने दूसरी युवती से दुबई में सगाई कर ली है। पीड़िता ने इस बात का विरोध किया तो 26 फरवरी को ठेकेदार फ्लैट पर आया। वहां पर रिश्ता तोड़ने की बात कहते हुए युवती से मारपीट की। युवती ने सर्फाबाद पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। कार्रवाई न होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करेगी। ब्यूरो