डाडासीबा (कांगड़ा)। डाडासीबा में हर रोज लगने वाले जाम की समस्या के अब छुटकारा मिल जाएगा। मुख्य बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड से पुलिस थाना और आईटीआई रोड तक स्थायी तौर पर किसी भी वाहन की पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार को पंचायत प्रधान सुचिता कंवर की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बाजार सड़क पर निजी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे बाजार में आने वाले ग्राहक परेशान होते हैं और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के वाहन सुबह से शाम तक और कुछ तो दिनभर 24 घंटे सड़क किनारे खड़े मिलते हैं। इसके कारण दुकानदारों से लेकर वाहन चालक तक सभी प्रभावित हैं। पंचायत प्रधान ने कहा कि मुख्य बाजार सड़क के किनारों पर खड़े निजी वाहनों से हादसों की संभावना बन रही है। स्थानीय दुकानदारों के पास आने वाले ग्राहकों को भी वाहन पार्किंग के लिए जगह नहीं मिलती। दुकानदारों की शिकायत के बाद पंचायत ने यह प्रस्ताव पारित किया है और पुलिस प्रशासन से भी स्थायी समाधान की मांग उठाई है। उधर, डीएसपी राजकुमार ने कहा कि पंचायत से प्रस्ताव की प्रति प्राप्त हुई है और इसके बारे में संबंधित थाना प्रभारी को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।