- बम से बचाव के उपायों समेत अन्य जांच पूरी कर बनाई रिपोर्ट, डीजीसीए 4 दिसंबर तक जारी कर सकता है लाइसेंस
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बकास) की टीम ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की जांच पूरी कर ली। मंगलवार को बकास अपनी रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सौंपेगा। रिपोर्ट के आधार पर चार दिसंबर तक डीजीसीए एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर सकता है। लाइसेंस जारी होते ही नोएडा एयरपोर्ट से कॉमर्शियल फ्लाइट्स शुरू करने के लिए हरी झंडी मिल जाएगी।
नवनिर्मित एयरपोर्ट की चल रही सुरक्षा जांच सोमवार को पूरी हो गई। सुरक्षा जांच करने वाली एजेंसी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी ने बम से बचाव के उपायों और हाईजैक होने की स्थिति में सुरक्षा के उपायों समेत अन्य सुरक्षा जांच को हर पहलू पर परखा। सुरक्षा जांच में देखा गया कि सभी तरह के संसाधन, सुरक्षा उपकरण, त्वरित प्रतिक्रिया सुरक्षा बल मौजूद हैं। इसके अलावा आकस्मिक स्थितियों में मानकों के अनुसार तेजी से सुरक्षा एजेंसियां अपने काम को अंजाम दे सकती हैं।
लगभग 15 दिनों की चल रही सुरक्षा जांच में यह भी देखा गया कि यात्रियों की जांच, लगेज की जांच करने वाले उपकरण विश्वस्तरीय मानकों के अनुसार कार्य कर रहे हैं। बकास ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है।
नोएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच कर रही एजेंसी बकास मंगलवार को डीजीसीए को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर डीजीसीए फैसला लेगी।
- आरके सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना प्राधिकरण और नियाल।