-घर के आगे पोटाश से धमाके के विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। रीलखा गांव में घर के आगे लोहे की नाल से पोटाश से धमाका करने के विरोध में एक परिवार पर पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में तीन महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने चार लोगों को नामजद करते हुए सोमवार को कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
गांव निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि रविवार की रात वह अपने घर के आगे खड़े हुए थे। उसी दौरान पड़ोस के कुछ लोग लोहे की नाल से उनके घर के आगे धमाका कर रहे थे। जयप्रकाश ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि पड़ोसी उनके घर में घुस आए और जयप्रकाश और उनकी बेटी, पत्नी और बेटे समेत परिवार के अन्य लोगों पर लोहे की रोड और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसमें उनके परिवार के लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। घटना को अंजाम देकर पड़ोसी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घायल अवस्था में सभी को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर कई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत ले ली गई हैं। इसके आधार पर जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।