- ग्लोबल लिटरेरी फेस्टिवल में वेनेज़ुएला व तिमोर-लेस्ते के राजदूतों ने किया सम्मानित
संवाद
नोएडा। सेक्टर 16 फिल्म सिटी स्थित मारवाह स्टूडियो में आयोजित 11वें ग्लोबल लिटरेरी फेस्टिवल में प्रसिद्ध साहित्यकार अवधेश सिंह को सूरज प्रकाश मारवाह साहित्य रत्न अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान और लिटरेचर प्रमोशन के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से तमाम साहित्य, कला और संस्कृति प्रेमियों ने भाग लिया।
इस मौके पर सम्मान समारोह में चांसलर डॉ. संदीप मारवाह, वेनेज़ुएला के राजदूत कैपाया रोड्रिग्ज गोंजालेज, और तिमोर-लेस्ते के राजदूत कार्लिटो नून्स ने अवधेश सिंह को स्मृति चिन्ह, शाल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। सत्र से पहले ‘साहित्य क्या है’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें अवधेश सिंह ने साहित्य को एक ऐसा चश्मा बताया जो मनुष्य को नई दृष्टि देता है। उन्होंने कहा कि साहित्य की मौलिकता ही उसकी कसौटी है, जैसे कबीर दास के दोहे आज भी समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि एआई द्वारा लिखा गया साहित्य नकल है, जैसे नकलची बंदर के करतब। आज मैं एआई को ‘मंकी ब्रांड’ घोषित करता हूं।