अधिवक्ता चैंबर में लिफ्ट की जगह।
भिवानी। जिला न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता चैंबर्स बिल्डिंग में अब ऑटोमेटिक लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। अधिवक्ताओं और न्यायालय में आने वाले लोगों को अब सीढ़ियां नहीं नापनी पड़ेंगी क्योंकि एक दिसंबर से पहले लिफ्ट चालू कर दी जाएगी। इसके लिए जिला बार एसोसिएशन भिवानी ने मद्रास की एक कंपनी को लिफ्ट का ऑर्डर दे दिया है और करीब 40 फीसदी राशि का अग्रिम भुगतान भी कर दिया गया है। लगभग 13 लाख रुपये की लागत से अधिवक्ता चैंबर्स ए ब्लॉक में नई लिफ्ट लगाई जाएगी।
करीब 15 साल बाद अधिवक्ता चैंबर्स परिसर में लिफ्ट सिस्टम दोबारा चालू होने जा रहा है। बार एसोसिएशन की पहल से लिफ्ट लगाने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। अब मद्रास से लिफ्ट का सामान भिवानी पहुंचने के बाद एक दिसंबर से पहले इसे चालू कर दिया जाएगा। भिवानी जिला बार एसोसिएशन से लगभग तीन हजार अधिवक्ता पंजीकृत हैं जबकि दो खंडों में कुल 452 अधिवक्ता चैंबर्स बने हुए हैं। प्रथम और द्वितीय तल पर बने चैंबर्स तक पहुंचने के लिए अधिवक्ताओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को सीढ़ियां चढ़ने में कठिनाई होती है। लिफ्ट सुविधा शुरू होने के बाद यह परेशानी दूर हो जाएगी और समय के साथ-साथ अधिवक्ताओं को थकान से भी राहत मिलेगी।
एक साथ आठ लोगों को पहुंचाएगी मंजिल तक
मद्रास से लाई जाने वाली यह ऑटोमेटिक लिफ्ट एक बार में आठ लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने में सक्षम होगी। इसे स्थापित करने में लगभग 13 लाख रुपये की लागत आएगी। खास बात यह है कि बिजली गुल होने की स्थिति में भी लिफ्ट बीच में नहीं रुकेगी बल्कि नजदीकी तल तक लोगों को सुरक्षित पहुंचाएगी। जिला कोर्ट परिसर में दो खंडों में 452 अधिवक्ता चैंबर्स बने हैं और दोनों परिसरों में करीब छह लिफ्ट लगाने के लिए जगह निर्धारित की गई है। शुरुआत में ए ब्लॉक बिल्डिंग के अंदर यह नई लिफ्ट स्थापित की जा रही है।
मेरे कार्यकाल से पहले भी अधिवक्ता चैंबर्स के लिए लिफ्ट लगाने के वादे किए गए थे लेकिन मैंने अपना चुनावी वादा निभाया है। एक दिसंबर से पहले ए ब्लॉक में नई लिफ्ट चालू कर दी जाएगी। इसके लिए कंपनी से लिखित अनुबंध हो चुका है। मद्रास से लिफ्ट का सामान आने वाला है। इस पर करीब 13 लाख रुपये की लागत आएगी। बार की ओर से लिफ्ट संचालन के लिए 40 फीसदी अग्रिम राशि कंपनी को दी जा चुकी है। अधिवक्ताओं व न्यायालय में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जिला बार एसोसिएशन निरंतर कल्याणकारी कदम उठा रहा है।
– एडवोकेट संदीप तंवर, अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन भिवानी