पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, क्रेन से बाहर निकाला गया क्षतिग्रस्त ऑटो
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र के तिलपता गोल चक्कर के पास शुक्रवार शाम बड़ा हादसा होते-होते बच गया। एक सवारियों से भरा ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। हादसे के वक्त ऑटो में चालक सहित कई सवारियां बैठी थीं। उन्हें सूरजपुर थाना पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस ने नाले में फंसे ऑटो चालक दिनेश कुमार और अन्य सवारियों को बाहर निकाला। घटना के बाद नाले में गिरे ऑटो को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इस दौरान सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ऑटो चालक ने अचानक से सामने से एक वाहन के आ जाने के कारण नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ब्यूरो