गोहाना। भैंसवाल कलां-फरमाणा रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो पलट गया। उसमें सवार एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चालक की शिकायत पर सदर थाना में ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव भैंसवाल कलां के अमित ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो में छह यात्री लेकर गांव भैंसवाल कलां से महीपर गांव जा रहे थे। आटो में गांव कटवाल की कविता पत्नी राजेश, बंटी पत्नी प्रविंद्र, तेरी पत्नी बिजेंद्र, लक्ष्मी पत्नी अशोक, अंजू पत्नी नवीन और संजीत पुत्र राजेंद्र सवार थे।
वह ऑटो लेकर गांव भैंसवाल कलां-फरमाणा रोड पर पहुंचे तो एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार में खेतों के रास्ते से ट्रैक्टर लेकर रोड पर आया। ट्रैक्टर के पीछे लोहे का जाल बांध रखा था, जिसमें ज्वार रखा गया था। ट्रैक्टर ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया। हादसे में उसके समेत छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। संजीत की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर को गांव भैंसवाल कलां का रमेश चला रहा था। सभी घायलों को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया। अमित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।