– एयरपोर्ट को जाने वाली किशोरपुर रोड पर नियमों की खुलेआम उड़ रही धज्जियां
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में ऑटो चालकों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाली किशोरपुर रोड पर ऑटो चालक क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठाकर धड़ल्ले से संचालन कर रहे हैं। कई ऑटो में 9 से 10 यात्रियों को ठूंस दिया जाता है, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय इस रूट पर स्थिति ज्यादा खराब हो जाती है। सड़क संकरी होने के साथ ही एयरपोर्ट निर्माण कार्य के कारण जगह-जगह बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में ओवरलोडेड ऑटो किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। यात्रियों का कहना है कि ऑटो चालक न तो क्षमता का ध्यान रखते हैं और न ही सड़क सुरक्षा नियमों का।
यात्रियों ने कहना है कि कई बार विरोध करने पर चालक बहस करने लगते हैं और कुछ तो उतरने तक की धमकी दे देते हैं। यात्रियों को मजबूरी में सफर करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि किशोरपुर रोड पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि यदि तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।