नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की स्पोर्ट्स सिटी परियोजना के तीन प्लॉट में शामिल चार सेक्टरों के लेआउट प्लान में बदलाव पर सुनवाई पूरी हो गई है। प्राधिकरण की समिति ने आपत्तियां दर्ज कराने वालों की बात सुनी। साथ ही, लेआउट में बदलाव का प्रस्ताव देने वाले बिल्डरों से भी हर आपत्ति पर जवाब मांगा है।
अब प्राधिकरण सभी आपत्तियों और बिल्डरों के जवाबों का परीक्षण करेगा। इसके बाद लेआउट में बदलाव पर निर्णय लिया जाएगा। प्राधिकरण को तीनों प्लॉट के नए लेआउट को लेकर 225 से अधिक आपत्तियां मिली हैं। इनमें सबसे अधिक 100 आपत्तियां सेक्टर-78 और 79 को लेकर हैं। इनमें फ्लैट खरीदारों की कई सामूहिक आपत्तियां भी शामिल हैं।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि समिति ने मंगलवार से बृहस्पतिवार तक सेक्टर-96 स्थित प्रशासनिक भवन के बोर्ड रूम में सुनवाई की। समिति की प्रभारी एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि अब सभी आपत्तियों और बिल्डरों के जवाबों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा।