प्राधिकरण ने शहर में अवैध अतिक्रमण और कब्जा हटाने के लिए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान जगह-जगह अवैध कब्जा करने वालों ने विरोध किया। इस दौरान जेसीबी पर कब्जा करने, तोड़फोड़ के अलावा प्राधिकरण कर्मी से मारपीट की घटनाएं हुईं। अवैध रूप से बने दो बैंक्वेट हॉल तोड़ने के लिए प्राधिकरण ने बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण कर्मी अभी भी कब्जा हटाने में जुटे हैं। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई।
दो बैंक्वेट हॉल पर चला बुलडोजर
नोएडा प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-110 भंगेल-गेझा और सेक्टर-82 की ओर जाने वाली 45 मीटर चौड़ी रोड पर अवैध तरीके से बने दो बैंक्वेट हॉल पर बुलडोजर चलाया। आज भी कार्रवाई जारी रहेगी। ओएसडी एमपी सिंह ने बताया कि खसरा नंबर-353 में दो बैंक्वेट हॉल हैं। एक पहले से ही बना है। वहीं, दूसरा निर्माणाधीन था। जो कि प्राधिकरण की जमीन पर बनाया जा रहा था। साथ ही नियमों के विपरीत इसका बैनामा कराया गया था। 3500 वर्गमीटर और करीब 60 करोड़ की जमीन पर अवैध तरीके से पारस मैरिज होम बनाया जा रहा था। यहां कार्रवाई में 40 ट्रक मलबा निकला है। यहां 1000 टन लोहे का प्रयोग किया गया है। जिसे काटकर निकालने का काम चल रहा है। अभी भी करीब 50 ट्रक मलबा निकलने की उम्मीद है। यहां से दो मैन लिफ्ट मशीन जब्त की गई है। इस बाबत 3 अगस्त को विकास गर्ग के खिलाफ प्राधिकरण ने एफआईआर दर्ज कराई है और नोटिस भी दिया है। वहीं, खसरा नंबर 353 की दूसरी ओर रामा बैंक्वेट हॉल पर भी प्राधिकरण ने बुलडोजर चलाया है। करीब 50 करोड़ की जमीन पर नियमों के विपरीत बैनामा कराकर हॉल बना दिया गया था। ओएसडी ने बताया कि इस अवैध संपत्ति के पीछे प्राधिकरण के एक पूर्व इंजीनियर का हाथ है। इसे तोड़ने में वक्त लगेगा। यहां पिछले दस वर्षों से कमाई करने की बात बताई गई है।
जेसीबी पर फावड़ा लेकर चढ़ी महिला
वर्क सर्किल-7 की टीम ने हॉजरी कांप्लेक्स क्षेत्र में झुग्गी हटाने का अभियान सोमवार को शुरू किया। अधिकारी योगेंद्र कसाना के मुताबिक, इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हमला कर दिया। झुग्गी हटाने वाली जेसीबी पर एक महिला फावड़ा लेकर चढ़ गई और तोड़फोड़ किया। वहां मौजूद अधिकारियों ने जेसीबी को जलाने की असफल कोशिशों समेत कई अन्य आरोप भी लगाए हैं। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। अधिकारियों के मुताबिक भीड़ ने प्राधिकरण के जेई पर हमले की भी कोशिश की। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर मामला शांत कराया गया। प्राधिकरण ने फेज-दो थाने में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, महिला को हिरासत में ले लिया गया।
सेक्टर-15 में भीड़ ने किया हमला
सेक्टर-15 नयाबांस क्षेत्र में अलका सिनेमा के पास गुलमोहर मार्केट के अंदर सड़क की बगल में अस्थायी तौर पर रेहड़ी पटरी लगाई गई थी। यहां अतिक्रमण हटाने के दौरान एकाएक भीड़ ने प्राधिकरण की टीम पर हमला कर दिया। टीम ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। भीड़ के हमले के दौरान प्राधिकरण का एक संविदा कर्मी घायल हो गया। भीड़ को उकसाने के लिए सेक्टर-15 में रेहड़ी पटरी दुकानदार अली व अन्य के सहयोग की बात बताई जा रही है। इस बाबत प्राधिकरण ने एक नामजद और बाकी अज्ञात लोगों के खिलाफ सेक्टर-20 थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
रेहड़ी पटरी का अतिक्रमण हटाया
प्राधिकरण के कई वर्क सर्किलों की टीम ने जोनल रोड नंबर-3, ब्लॉक ई और एफ सेक्टर-8, एमपी-1 रोड, सेक्टर-16, उद्योग मार्ग, सेक्टर-12, सेक्टर-2, सेक्टर-71 चौराहे से डीएससी रोड, डीएससी रोड से सेक्टर-40-41 के बीच की सड़क, सेक्टर-41-50 के बीच की सड़क, सेक्टर-41 सी ब्लॉक मार्केट, होशियारपुर समेत कई स्थानों पर रेहड़ी पटरी का अतिक्रमण हटाया और काफी सामान जब्त भी किया गया।