ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में 16 अगस्त को परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास तीन युवकों ने बीटेक छात्र पर लात घूसों से हमला कर उसे अधमरा कर दिया। बेहोश छात्र को मरा समझकर आरोपी फरार हो गए। हमले में छात्र का जबड़ा भी टूट गया। तीन दिन कैलाश अस्पताल में उपचार के बाद परिजन छात्र को जबड़े के ऑपरेशन के लिए एम्स लेकर गए हैं। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दिल्ली के शाहीन बाग जसोला विहार निवासी अखलाक ने रिपोर्ट में कहा है कि वह अपने दोस्त बिशनपुरा नोएडा सेक्टर-58 निवासी जमालुद्दीन व हम्माद के साथ 16 अगस्त को ग्रेटर नोएडा आया था। वह और हम्माद जगत फार्म के पास पीजी में काम के लिए आए थे। जमालुद्दीन भोपाल मेें बीटेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है और ईद पर माता-पिता के पास आया था।
जमालुद्दीन भी दोनों दोस्तों के साथ ग्रेटर नोएडा आ गया। अखलाक का कहना है कि पीजी में जमालुद्दीन का रिश्तेदार रहमान कोऑर्डिनेटर है। तीनों दोस्तों के पीजी में जाने के दौरान रहमान और खोड़ा कालोनी निवासी पीजी कर्मी दीपक का किसी बात पर विवाद हो गया था। शाम के समय जमालुद्दीन, अखलाक व हम्माद घर लौट रहे थे। जमालुद्दीन परी चौक पर स्टेशन के पास खड़ा था। तभी वहां दीपक, अक्की और मनीष पहुंचे और तीनों ने जमालुद्दीन को पीटकर अधमरा कर दिया।
तहरीर के आधार पर तीनों युवकों पर हत्या की कोशिश की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामूली कहासुनी को लेकर युवक पर हमला किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-अरविंद पाठक, नॉलेज पार्क थाना प्रभारी