बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर सेवानिवृत्त डॉक्टर पति की हत्या करने की साजिश रच डाली। दूध में नींद की गोलियां देकर पति को बेहोश कर दिया और प्रेमी ने नशा करके उनको बंधक बनाकर पीटा। प्रेमी के नशे में बेसुध होने का फायदा उठाकर डॉक्टर ने मोहल्ले में जाकर जान बचाई। पुलिस ने पत्नी व प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित बुजुर्ग ने सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनके घर में कुछ समय पहले बिजली फिटिंग का काम हुआ था। इस दौरान मिस्त्री सौरभ सक्सेना से उनकी पत्नी के संबंध हो गए। जानकारी होने पर उन्होंने पत्नी से नाराजगी जताई। सौरभ का आना-जाना भी बंद करा दिया। बुधवार/बृहस्पतिवार की रात पत्नी ने सौरभ के साथ मिलकर उनकी जान लेने की कोशिश की। दूध में नींद की गोली मिलाकर उन्हें पिला दिया। उन पर नशा हावी हुआ तो सौरभ भी आ धमका। उनके गले में फंदा कस दिया। शरीर पर हथौड़े से वार किए।
बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि सीसी कैमरे बंद कर पत्नी और सौरभ उन्हें दूसरे कमरे में ले गए। उनकी चेकबुक, पासबुक कब्जे में ले ली। सौरभ ने उन्हें छत से फेंककर हत्या करने की धमकी दी। इस दौरान सौरभ ने इतनी शराब पी ली कि वह वहीं लुढ़क गया। मौका पाकर वह घर से बाहर निकले और पड़ोसियों को मामले की जानकारी दी। पड़ोसियों ने कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिस को देख सौरभ भाग गया। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले सौरभ उनकी पत्नी को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। अब उन्हें दोनों से जान का खतरा है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सेवानिवृत्त डॉक्टर ने इंस्पेक्टर को बताया कि सौरभ शराब का लती है। उसने पत्नी से शराब पीने की जिद की तो घर में रखी उनकी शराब पत्नी ने सौरभ को दे दी। महंगी शराब देखकर सौरभ ने जमकर पी। वह उनसे प्रॉपर्टी के कागजात पर दस्तखत कराने ही वाला था कि उससे पहले वह कुर्सी पर ही बेहोश हो गया। इस दौरान वह होश में आ चुके थे तो भागकर जान बचा ली। सेवानिवृत्त डॉक्टर का भरा पूरा परिवार है। उनकी बेटी और बेटा बाहर अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। बेटी की शादी भी हो चुकी है। सूचना पर बेटी और दामाद भी घर आ गए।