सोनभद्र। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को जिले में धूमधाम से मनाई गई। पुलिस ने रन फॉर यूनिटी निकाली तो प्रशासन, स्कूली बच्चों सहित अन्य संगठनों ने पदयात्रा के जरिये भारत की एकता-अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने का संदेश दिया। रिमझिम बारिश के बीच देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत माहौल में लोग राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर सड़कों पर दौड़े।
पदयात्रा का शुभारंभ उरमौरा स्थित डायट परिसर से हुआ, जो बढौली चौराहे से होते हुए वापस उरमौरा पहुंचा। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह सदा प्रेरणास्रोत रहेगा। पदयात्रा में सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम रमेश चन्द्र, डीपीआरओ नमिता शरण, जिला उद्यान अधिकारी मेवा राम, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, डीआईओएस जयराम सिंह आदि शामिल रहे।
उधर, पुलिस के संयोजन में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। शीतला चौक से बढ़ौली चौक तक निकली इस एकता दौड़ में पुलिस अधिकारी, रिक्रूट आरक्षी, छात्र-छात्राएं, समाजसेवी और नागरिकों ने भाग लिया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का रवाना किया। उनके साथ एएसपी अनिल कुमार, सीओ रणधीर मिश्र, डॉ. चारू द्विवेदी सहित अन्य अफसरों ने भी दौड़ लगाई। एसपी ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श हमें एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करने की प्रेरणा देते हैं। नागरिकों से अपील की कि वे आपसी सद्भाव और एकता के इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं। चोपन: नगर में रन फॉर यूनिटी प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह के नेतृत्व में निकाली गई। एसओ ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। ओबरा: सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नगर पंचायत ओबरा की ओर से संगोष्ठी एवं “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चिल्ड्रेन पार्क से हुई। यहां ईओ मधुसूदन जायसवाल ने सरदार पटेल के जीवन, उनके योगदान और भारत के एकीकरण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
इसके बाद रन फॉर यूनिटी में स्वच्छता कर्मियों, सफाई नायकों के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता राम निवास तोमर शामिल हुए। वहीं सीओ हर्ष पांडेय की अगुवाई में रन फार यूनिटी में प्रभारी निरीक्षक ओबरा विजय कुमार चौरसिया सहित समस्त पुलिसकर्मी शामिल रहे।