ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ घर में घुसकर मारपीट, अपहरण और जान से मारने की के मामले में मंगलवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
पी-3 निवासी पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि 13 मार्च की रात तीन लोग नूतन गांव खानपुर निवासी सोलंकी, गांव नूरपुर निवासी राम शर्मा और लवली उर्फ पवित्र भाटी उसके घर पर पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब श्रीपाल सिंह ने स्थिति को देखते हुए अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया, तो आरोपियों ने जबरन गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के बाद आरोपी उसे जबरदस्ती एक गाड़ी में डालकर अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां राम शर्मा ने कथित तौर पर चाकू से उसकी गर्दन और कंधे पर वार किया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से पिस्तौल निकालकर गोली चलाने का भी प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश गोली नहीं चल सकी। इसके बाद आरोपी उसे पुलिस में शिकायत न करने की धमकी देकर उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए।
उस समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी और वह होश में नहीं था। कुछ समय बाद होश आने पर उसने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे संभाला। आरोपी मूलरूप से बुलंदशहर जनपद के खानपुर और नूरपुर गांव के निवासी हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।