-इकोटेक-3 क्षेत्र के तुस्याना गांव में हुई वारदात, गाली देने से आहत होकर मारने के लिए आरोपी घर से लाया बांका
-पुलिस ने आरोपी से खून से सना बांका किया बरामद, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तुस्याना गांव में कुआं पूजन के दौरान हुए विवाद के बदले की आग में बांके (धारदार हथियार) से वार कर युवक की हत्या कर दी गई। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिकी दर्ज कर तुस्याना निवासी जगवीर भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल बांका, आरोपी कपड़े और जूते बरामद किए हैं जिन पर खून लगे हैं।
मूलरूप से हरदोई के मझिला थाना अंतर्गत चठिया गांव निवासी मनोज उर्फ लालू (35) यहां किराये के मकान में रहते थे और दिहाड़ी करते थे। बृहस्पतिवार को तुस्याना में फिरी राम के घर कुआं पूजन कार्यक्रम था। इसमें मनोज भी शामिल हुए। आरोप है कि मनोज का गांव निवासी जगवीर भाटी से विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर गालीगलौज हुई। उसके बाद जगवीर अपने घर चला गया। कुछ देर बाद मनोज भी कार्यक्रम से निकल कर गांव में घूमने लगा।
उधर जगवीर बदला लेने के लिए बांका हाथ में लिए मनोज की तलाश करने लगा। गांव के बाहर सड़क पर ट्रांसफार्मर के पास रात करीब 9ः30 बुग्गी गाड़ी के पास दोनों का आमना-सामना हुआ। वहां धक्का-मुक्की के बाद जगवीर ने मनोज पर बांके से सिर, गले, पेट पर वार कर दिया। इससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकला।
घटना स्थल की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसीपी राजीव कुमार, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले। शरीर कुचला नहीं गया है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में आरोपी जगवीर भाटी को अर्थ कंपनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। हत्या के दौरान आरोपी के जूते और कपड़े खून से लतपथ थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने कपड़े बदल लिए थे। मगर पुलिस ने कपड़े बरामद किए हैं। मृतक के पिता ओमकार का कहना है कि वह सुरक्षाकर्मी हैं। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर थे। रात 11 बजे पुलिस से मिली सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंचे और शिकायत की।
चोरी के मामले में जेल जा चुका आरोपी
आरोपी पर 2019 में चोरी की एफआईआर दर्ज हुई थी। पुलिस ने न्यू हॉलैंड चौक के पास से आम्रपाली मॉल में चोरी का खुलासा करते हुए जगवीर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्ज से 11 पुराने टूटे एल्युमिनियम विंडो फ्रेम, लोहे के 12 शटरिंग पाइप, एक रिक्शा ठेला, बाइक बरामद की थी। वर्तमान में भी वह कोई काम नहीं करता है। आरोपी नशे का आदि है। इस कारण उसका आए दिन गांव के लोगों से वाद विवाद होता रहता है।
वर्जन
संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त खून से सना बांका, घटना के समय पहने कपड़े, जूते बरामद किए हैं।
-शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन