पुन्हाना। लुहिंगा कलां गांव में गोतस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा फायरिंग और पथराव करने का मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और एक कर्मी के घायल होने की जानकारी है। ग्रामीणों द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस टीम ने भी हवाई फायरिंग की। वहीं पुलिस ने मौके से 2 दर्जन से अधिक बाइक और दो पिकअप गाड़ी कब्जे में ली है। मामले में पुन्हाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर पथराव और फायरिंग करने सहित कई अन्य आरोपों के तहत 41 नामजदों सहित लगभग 70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मंगलवार शाम पुन्हाना पुलिस को सूचना मिली कि गोतस्करी के मामले में आरोपी नबाबदीन, जमील, साकिर लुहिंगा कलां गांव में मौजूद हैं। सूचना के बाद पुन्हाना डीएसपी विवेक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस दल ने आरोपियों को पकड़ने के लिए गांव में छापा मारा। जैसे ही पुलिस बल गांव में पहुंचा तो मौके पर आरोपियों के समर्थन में 70-80 लोग इकट्ठा हो गए। आरोपियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की। घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुन्हाना थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी रिजवान, अजरू, युसुफ, मुबारिक, सरफू, साहून, मुस्तफा, लाल, नुरदीन, साबिर सहित 41 नामजदों और 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की नीयत से फायरिंग और पथराव करने समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।