‘वार’ फिल्म में छाया अट्टा का रवि अवाना
नोएडा। अगर आपने गांधी जयंती दो अक्तूबर को रिलीज हुई फिल्म वार देखी है तो उसमें विलेन की भूमिका निभा रहे बशीर हासिब की दमदार भूमिका भी देखी होगी। बशीर कोई और नहीं बल्कि अट्टा गांव के रहने वाले रवि अवाना हैं। वह मॉडलिंग के बाद साउथ की फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं। वहां कामयाबी के बाद उन्हें बॉलीवुड में इंट्री मिली है। हीरो रितिक रोशन और टाइगर श्राफ के साथ रवि की भूमिका को भी लोगों ने खूब पसंद किया है।
नोएडा के अट्टा गांव निवासी सत्यप्रकाश अवाना के पुत्र रवि अवाना जाना पहचाना चेहरा हैं। मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाले रवि ने देश की जानी मानी कई कंपनियों का विज्ञापन किया है। मनीष मल्होत्रा जैसे डिजाइनर के लिए फैशन शो में हिस्सा लिया। 2013 में ग्लेडरेग्स मैनहंट एंड मेगा मॉडल कांटेस्ट में विनर बने। इसके बाद साउथ की फिल्म आईएसएमएस में अभिनय किया। साउथ की ही फिल्म कृष्णार्जुन युद्धम में मुख्य विलेन की भूमिका खूब सराही गई। वहीं 2019 में विश्वासम फिल्म के जरिये छाए रहे।
रवि के छोटे भाई गौरव अवाना ने बताया कि इसी बीच बॉलीवुड के मशहूर बैनर यशराज फिल्म की ओर से रवि को वार फिल्म में सेकेंड लीड विलेन की भूमिका निभाने का ऑफर दिया गया। चूंकि बॉलीवुड में पहली इंट्री थी, लिहाजा रवि ने हां कर दी। उन्होंने बशीर हासिब की भूमिका में विलेन का रोल यादगार निभाया है। सेक्टर-27 अट्टा गांव के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजेश अवाना ने बताया कि यह अट्टा के लिए ही बल्कि नोएडा , प्रदेश और देश के लिए खास पल हैं कि एक गांव का युवक इतने बड़े मुकाम पर पहुंचा है। उन्होंने बताया कि रवि के पिता पहले गांव में ही रहते थे, अब गांव से सटे सेक्टर-27 में रह रहे हैं। पूरे क्षेत्र को रवि पर गर्व है। वह इन दिनों रवि मुंबई में हैं, गांव आने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।