नारायणगढ़। सेल्फ हेल्प ग्रुप की छह महिलाएं अटल श्रमिक किसान कैंटीन में स्वादिष्ट भोजन तैयार कर रही हैं जोकि किसानों सहित आढ़तियों को भी भा रहा है। कैंटीन की बिक्री 200 से 600 कूपन तक पहुंच चुकी है। कैंटीन में कार्यरत मुनिया कश्यप (बरौली) ने बताया कि उनके साथ रानी देवी (पंजलासा), सीमा देवी (पंजलासा), पूजा देवी (नबीपुर), कमलेश देवी और मिथलेश देवी सहयोग कर रही हैं। उन्हें पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, घेल कलां और इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट भम्बोली, जिला यमुनानगर से खाना बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त है।
मात्र 10 रुपये में शुद्ध व स्वादिष्ट भोजन
सरकार की पहल पर अनाज मंडी में अटल श्रमिक किसान कैंटीन हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल के सहयोग से चलाई जा रही है। इस कैंटीन का 18 मार्च 2025 को पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी द्वारा उद्घाटन किया गया था। सिर्फ 10 रुपये में शुद्ध व स्वादिष्ट भोजन कैंटीन में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक उपलब्ध कराया जाता है और यहां किसानों, मजदूरों, आढ़तियों व अन्य लोग स्वादिष्ट भोजन का आनंद उठाते हैं। कैंटीन में सीजन के दौरान 500 से 600 कूपन प्रतिदिन तक की बिक्री होती है, जबकि ऑफ-सीजन में लगभग 250 कूपन बिकते हैं। सरकार की ओर से प्रति थाली 15 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाती है।