ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन ने सहायक अध्यापक चयन परीक्षा-2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं। 3 दिसंबर को जिले के 14 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। दोनों पालियों की अवधि 120 मिनट होगी।
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम न्यायिक प्रियंका ने अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण करने, सीसीटीवी से निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और व्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा। केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था के साथ सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखने और आपसी समन्वय से परीक्षा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण कराने को कहा गया। ब्यूरो