माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षक दिवस के मौके पर शिक्षामित्रों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी भेजा। उनका कहना है कि प्राथमिक विद्यालय में विगत 25 वर्षों से निष्ठा पूर्वक शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षामित्र स्नातक, बीटीसी, टीईटी व सी टीईटी उतीर्ण हैं। महंगाई के इस दौर में शिक्षामित्र को मात्र दस हजार मानदेय मिल रहा है, जिससे शिक्षामित्र के परिवार का पालन पोषण नहीं हो पा रहा है। इस कारण उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्र आर्थिक एवं मानसिक रूप परेशान हैं।
शिक्षामित्रों की समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष जगवीर भाटी ने कहा कि शिक्षामित्र को नई शिक्षा नीति में सम्मिलित करते हुए स्थाई किया जाए। स्थायीकरण होने तक समान कार्य समान वेतन दिया जाए। उत्तर प्रदेश के टेट पास शिक्षामित्रों को सीधे सहायक अध्यापक पद पर नियुक्त किया जाए। इस मौके पर रवि करण, बाल किशन शर्मा, नरेश खारी, सनोज कुमार, रजनी शर्मा, लक्ष्मी आदि उपस्थित रहे।