संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक/जींद। साइबर सेल रोहतक में तैनात एएसआई संदीप लाठर आत्महत्या मामले की जांच के लिए पुलिस विभाग ने चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। जांच टीम का नेतृत्व डीएसपी दलीप कुमार करेंगे। टीम में साइबर सेल इंचार्ज अमित कुमार, सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार और टिटौली चौकी प्रभारी एएसआई राजेश कुमार को शामिल किया गया है।
एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्तूबर को लाढ़ौत गांव में अपने मामा बलवान के खेत में जाकर खुद को गोली मार ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने 6 मिनट 28 सेकंड का एक वीडियो और चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था। इनमें उन्होंने पूर्व एडीजीपी वाई पूरण कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। वीडियो में संदीप ने बताया था कि वे पूर्व एडीजीपी के सुरक्षाकर्मी सुशील कुमार को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल थे।
अब 7 अक्तूबर को चंडीगढ़ में पूर्व एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या और 14 अक्तूबर को रोहतक में एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या को आपस में जोड़कर देखा जा रहा है। एडीजीपी केस की जांच चंडीगढ़ एसआईटी कर रही है जबकि एएसआई सुसाइड केस की जांच अब रोहतक पुलिस की एसआईटी करेगी।
उधर, मंगलवार को पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार, आप प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता और गन्नौर विधायक देवेंद्र कादयान जुलाना पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिले और सांत्वना दी। विभागीय स्तर पर भी संदीप के परिवार की आर्थिक सहायता के लिए पहल की गई है। कई पुलिसकर्मियों ने पूरा वेतन परिवार को देने की घोषणा की है। इस बीच एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से न्याय और सहायता के लिए एकजुट हुए हैं।