बहादुरगढ़। उपमंडल के गांव नयागांव जाटयान में आपसी विवाद में पिस्टल के बट और लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। इसमें दो लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
18 अक्तूबर को रात साढ़े 10 बजे दोनों पक्ष में मारपीट हुई है। नयागांव जाटयान निवासी चतर सिंह ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात उसके भतीजे जोगिंद्र का उनके पास फोन आया कि सौलधा रोड पर कूड़े के ढेर के पास गांव का ही प्रमोद बिना किसी वजह के गाली-गलोच कर रहा है।
सूचना पर चतर सिंह मौके पर पहुंचे जहां उनका बेटा जतिन और भतीजा हरीश मौजूद थे। चतर सिंह ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो प्रमोद, राकेश निवासी नया गांव व एक अन्य व्यक्ति दीपक अपने साथियों के साथ मौजूद थे। देखते ही देखते प्रमोद ने हाथ में ली हुई पिस्टल का बट जोगिंद्र के सिर में मारा।
इसी दौरान राकेश ने भी जोगिंद्र को पीछे से पकड़ लिया। इससे वह नीचे गिर गया। उनके साथ अन्य तीन-चार लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह और उसका भतीजा जोगिंद्र घायल हो गए। हमले के बाद उक्त लोगों ने पिस्टल लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस समय वे बयान देने की स्थिति में नहीं थे। अब पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।