अयोध्या। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने मंगलवार की देर रात जिले के दो पुलिस क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। लंबे समय से सीओ अयोध्या की कुर्सी संभाल रहे आशुतोष तिवारी को सीओ यातायात बनाया है। जबकि, सीओ पुलिस लाइन रहे आईपीएस देवेश चतुर्वेदी को सीओ अयोध्या की कमान सौंपी गई है।
पुलिस उपाधीक्षक आशुतोष तिवारी को 25 जून, 2024 को सीओ अयोध्या के रूप में तैनाती मिली थी। जुलाई, 2024 में पूराकलंदर क्षेत्र के भदरसा में हुए चर्चित दुष्कर्म कांड में की गई कार्रवाई को लेकर वह सुर्खियों में रहे। कोतवाली अयोध्या के सहनवां में मानसिक मंदित युवती से सामूहिक दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या के मामले के खुलासे को लेकर भी उन्होंने वाहवाही बटोरी। इसके बाद महाकुंभ के दौरान अयोध्या धाम में बेहतर पुलिसिंग के लिए उनकी टीम की प्रशंसा हुई।
मंगलवार की देर रात हुए तबादले में उन्हें सीओ यातायात के साथ यलो जोन का प्रभार सौंपा गया है। जबकि, नवागत सीओ देवेश चतुर्वेदी को अपने पुराने कार्य के साथ-साथ सीओ अयोध्या का जिम्मा भी संभालना होगा। एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को नवीनतम तैनाती स्थल पर अविलंब कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया है।