नोएडा। एआईएफएफ के बैनर तले आयोजित दिल्ली फुटबॉल लीग के अंडर-13 आयु वर्ग में नोएडा की अशोका एफसी ने बंगादर्शन को 1-0 से मात दी। दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने शानदार क्षेत्ररक्षण करते हुए विपक्षी टीम को गोल नहीं दागने दिया। अशोका एफसी की ओर से क्षितिज ने गोल कर टीम को जीत दिलाई। जीत के बाद विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया। ब्यूरो
दस रन से किंग्समेन क्लब जीती
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सेंचुरियन क्रिकेट मैदान पर चल रहे सेंचुरियन कप सीजन-15 के लीग मैच में किंग्समेन क्रिकेट क्लब ने स्पार्टन वॉरियर्स को दस रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्समेन क्लब ने टी-20 मुकाबले में दस विकेट पर 207 रन का स्कोर खड़ा किया। रजत तिवारी ने 96 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पार्टन वॉरियर्स की टीम पांच विकेट पर 197 रन ही बना सकी। अतुल ने 62 रन की पारी खेली। रजत तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
13 कराटे खिलाड़ियों ने कराई बेल्ट अपग्रेड
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 स्थित सेंट मैरीज स्कूल में शुक्रवार को कराटे बेल्ट अपग्रेड परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 13 कराटे खिलाड़ियों की बेल्ट अपग्रेड हुई। इसमें 20 खिलाड़ी शामिल हुए थे। कोच अरुण शर्मा ने बताया कि ट्रेडिशनल शितो र्यू कराटे डो एसोसिएशन इंडिया के सहयोग से स्कूल में परीक्षा का आयोजन किया गया। 13 खिलाड़ी सौविक मंडल, शिवांश नागर, ऋषभ कुमार मिश्रा, समृद्धि मिश्रा, सान्वी सिंह, युविका खारी, वेदांत ठाकुर, अक्ष, यशिका भाटी, भुवी सिंह, देव प्रताप सिंह, समर सिंह, नेहल शिवहरे ने पहले कराटे ऑरेंज बेल्ट परीक्षा में व्हाइट बेल्ट से ऑरेंज बेल्ट हासिल की। परीक्षा का संचालन कमल थापा, बाल बी थापा ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा गुप्ता ने खिलाड़ियों को बधाई दी।