छिबरामऊ। तीन महीनों से मानदेय न मिलने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सीएमओ को संबोधित ज्ञापन प्रभारी चिकित्साधिकारी को सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि विकास खंड क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ता बुधवार से हड़ताल शुरू करेंगी। उनकी हड़ताल मानदेय खातों में न पहुंचने तक जारी रहेगी।
ब्लॉक अध्यक्ष बीना चौहान के नेतृत्व में विकास खंड क्षेत्र में तैनात सभी आशा कार्यकर्ता राजकीय महिला चिकित्सालय में एकत्रित हुई। मानदेय दिलाने की मांग उठाते हुए आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ डाॅ. स्वदेश गुप्ता को संबोधित ज्ञापन प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. राहुल मिश्रा को सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि पहले नियमित समय पर उनका मानदेय खाते में पहुंच जाता था पर अगस्त से पोर्टल परिवर्तन होने के बाद से वेतन खातों में नहीं आया है।
इसके अलावा आयुष्मान, आभा कार्ड बनवाने के बदलने मिलने वाली धनराशि (प्रत्येक कार्ड पर पांच रुपये) का भुगतान वर्ष 2024 से नहीं मिला। इसी तरह से उपकेंद्रों पर मरीजों की स्क्रीनिंग व जांचें करवाने के दौरान भरे जाने वाले सी-बैक फाॅर्म का पैसा भी बकाया है। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनका पैसा खातों में नहीं पहुंचेगा तब तक वे किसी भी टीकाकरण में हिस्सा नहीं लेंगी।