फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: ट्रेड शो में सहारनपुर के कलाकारों का जलवा, वैष्णवी नृत्यालय की कथक प्रस्तुति ने बांधा समां

Mon, 28 Sep 2026 02:40 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा

सार

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की सांस्कृतिक संध्या में वैष्णवी नृत्यालय, सहारनपुर के कलाकारों ने कथक एवं नृत्यमय रामायण की शानदार प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी। नृत्यमय रामायण की प्रस्तुति के दौरान जैसे ही श्रीराम की भक्ति से ओत-प्रोत दृश्य मंच पर साकार हुए, पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा।
विज्ञापन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सहारनपुर के कलाकारों का जलवा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच प्रदान करने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में सहारनपुर के कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित ट्रेड शो की सांस्कृतिक संध्या में वैष्णवी नृत्यालय, सहारनपुर के कलाकारों ने कथक एवं नृत्यमय रामायण की शानदार प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी।

विज्ञापन



अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्यांगना एवं वैष्णवी नृत्यालय की निदेशक रंजना नेब के कुशल निर्देशन में प्रस्तुत इस कार्यक्रम में कथक की शास्त्रीय गरिमा के साथ भगवान श्रीराम की भक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। प्रस्तुति के दौरान कलाकारों की भाव-भंगिमा, लय, ताल और नृत्य-संयोजन ने दर्शकों को बांधे रखा।

विज्ञापन

प्रस्तुति में सहारनपुर से तेजस्वी, प्राजेश, पर्ल, खरबंदा, शनाया, अद्विका, वसुधा, हिमांशी, आरोही और जया ने प्रतिभाग किया। वहीं नोएडा से मीनू बजाज, तितिक्षा और अनायशा ने भी प्रस्तुति में सहभागिता की। कलाकारों ने कथक के माध्यम से रामकथा के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत करते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

नृत्यमय रामायण की प्रस्तुति के दौरान जैसे ही श्रीराम की भक्ति से ओत-प्रोत दृश्य मंच पर साकार हुए, पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा। प्रस्तुति के समापन पर दर्शकों ने अपनी कुर्सियों से खड़े होकर कलाकारों का अभिवादन किया और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
विज्ञापन

सहारनपुर के कलाकारों की इस शानदार उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह एवं सहारनपुर नगर के विधायक राजीव गुंबर ने कलाकारों और वैष्णवी नृत्यालय की निदेशक रंजना नेब को विशेष रूप से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया गया। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार एवं इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

सहारनपुर के कलाकारों की इस प्रस्तुति ने एक बार फिर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और शास्त्रीय नृत्य प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वैष्णवी नृत्यालय की इस प्रस्तुति ने दर्शकों के बीच भारतीय संस्कृति, कथक और श्रीराम की भक्ति का ऐसा सुंदर संगम प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने देर तक तालियों और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ सराहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें