-
एनसीआर गोल्फ कप में अर्शवंत ओवरऑल चैंपियन
14 साल की उम्र में बी, ए और अमेच्योर श्रेणी में जीत हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-93 निवासी 14 साल वर्षीय गोल्फर अर्शवंत श्रीवास्तव 12वें एनसीआर कप गोल्फ कप के ओवरऑल विजेता बने। बी श्रेणी के खिलाड़ी अर्शवंत ने अपनी श्रेणी के अलावा अपने से बड़ी उम्र की श्रेणी-ए और इससे भी बड़ी आयु वर्ग की अमेच्योर श्रेणी का खिताब अपने नाम किया। दावा किया जा रहा है कि इस तरह से बड़े उलटफेर करते हुए तीनों श्रेणी में जीत हासिल करने वाले अर्शवंत अपनी आयु वर्ग के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
इंडियन गोल्फ यूनियन ने गुरुग्राम के द गोल्डन ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में 20 से 22 मार्च तक 12वें एनसीआर कप गोल्फ कप टूर्नामेंट का आयोजन किया। इसमें अर्शवंत ने टूर्नामेंट के संयुक्त लीडर बोर्ड में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं, डी-श्रेणी में नोएडा गोल्फ कोर्स के खिलाड़ी कबीर गोयल अपनी श्रेणी में उपविजेता रहे। अर्शवंत के पिता राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले साल मलयेशिया में आयोजित यूएस किड्स गोल्फ चैंपियनशिप में अर्शवंत ने रजत पदक प्राप्त किया था। इसके अलावा स्थानीय स्तर के विभिन्न गोल्फ चैंपियनशिप में भी वह अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं।