नूंह। पुलिस ने सोमवार को फिरोजपुर झिरका से 13 और रोजका मेव थाना क्षेत्र से 25 गोवंशों को मुक्त कराया। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मेंहदी हसन निवासी जल्लाबाद (यूपी) और बलबीर सिंह निवासी किशनगढ़ (पंजाब) के रूप में हुई।
फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ प्रभारी उपनिरीक्षक कंवरपाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मेंहदी हसन निवासी जल्लाबाद (यूपी) और बलबीर सिंह निवासी किशनगढ़ (पंजाब) गोकशी करते हैं। दोनों आरोपी पापड़ा होते हुए राजस्थान जाने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर पहाड़ी क्षेत्र में एक ट्रक की तलाशी ली, जिसमें 13 गोवंश थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मेंहदी हसन और बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर गोवंशों को गोशाला में छुड़वा दिया है। वहीं, रोजका मेव प्रभारी मलखान सिंह ने बताया कि सोमवार को गोरक्षा दल की सूचना पर नाकाबंदी कर केएमपी एक्सप्रेसवे के पास रेवासन गांव में एक कैंटर से 25 गोवंश मुक्त कराए। जबकि, आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। आरोपियों की तलाश जारी है।