आबकारी विभाग ने सेक्टर-113 थाना पुलिस के साथ नोएडा के सर्फाबाद में की कार्रवाई
आरोपी के घर से 27 बोतल इम्पोर्टेड विदेशी शराब व स्कूटी बरामद, 2 मोबाइल भी जब्त
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आबकारी विभाग ने थाना सेक्टर-113 पुलिस के साथ मिलकर होम डिलीवरी के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। आरोपी के फ्लैट से 27 बोतल इम्पोर्टेड विदेशी शराब और स्कूटी बरामद हुई है। दो फोन भी जब्त किए गए हैं। दोनों युवक हरियाणा से महंगी शराब लाकर रात में सोसाइटियों में कम कीमत पर बेचते थे। जब्त शराब की कीमत एक लाख रुपये के पास हैं।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-73 की सोसाइटियों में रात में शराब की होम डिलीवरी की जानकारी मिल रही थी। रविवार को विभाग की टीम के सदस्य ने ग्राहक बनकर आरोपी से शराब मांगी। रविवार रात आरोपी जैसे ही शराब लेकर आया टीम ने उसे दबोच लिया, वहीं उसका साथी कोमल मौके से भाग गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल निवासी हाथरस के रूप में हुई है। वो इस समय सर्फाबाद गांव में किराये पर रहता था। आरोपी की निशानदेही पर उसके फ्लैट से हरियाणा मार्का की 27 बोतल इम्पोर्टेड विदेशी मदिरा व एक स्कूटी बरामद की है।
कोट
जिले में शराब की होम डिलीवरी करने की अनुमति नहीं है। आरोपी हरियाणा से शराब लाते थे। आरोपियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। -
सुबोध कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी