मास्टर प्लान 2031 के तहत तैयार होगा ड्रेनेज नेटवर्क, पूरे शहर में नए सिरे से ड्रेनेज लाइन का करा रहा सर्वे
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में बारिश के पानी की निकासी को बेहतर करने के लिए गुरुग्राम-मानेसर मास्टर प्लान-2031 को ध्यान में रखकर योजना तैयार की जा रही है। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार जीएमडीए ड्रेनेज सिस्टम को सुधारेगा और जरूरत के अनुसार नया सिस्टम विकसित करेगा। अगले साल जलभराव से राहत की उम्मीद है।
शहर में बारिश के पानी निकासी के बेहतर इंतजाम नहीं है। कई जगह हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता है। बुधवार को हुई बारिश से पूरे शहर में जलभराव हुआ था। पानी निकासी के लिए नगर निगम और जीएमडीए को पंप समेत अन्य उपकरणों की मदद लेनी पड़ती है। ऐसे में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) मास्टर प्लान-2031 को ध्यान में रखकर नए सिरे से शहर में पानी निकासी के इंतजामों को दुरुस्त करना चाहता है।
इसके लिए एक कंसल्टेंट रखा गया जो वर्तमान ड्रेनेज सिस्टम और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए रिपोर्ट तैयार कर रहा है। जीएमडीए के एक अधिकारी ने बताया कि एचएसवीपी और नगर निगम क्षेत्र में पानी निकासी के इंतजाम अलग-अलग हैं। कई जगहों पर अभी ड्रेनेज नेटवर्क बेहतर नहीं है। पुराने शहर के साथ सेक्टरों में भी लोगों को जलभराव से जूझना पड़ता है और शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है। नए सेक्टर भी विकसित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई जगहों पर लोगों ने प्राकृतिक ड्रेनेज सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाया है। साल 2025 में जनसंख्या 25,85,84 होने का अनुमान है। साल 2031 तक 42,50,000 और साल 2041 में 50,75,000 जनसंख्या होने का अनुमान है।
-
शहर में तीन प्रमुख नाले
जीएमडीए के तीन प्रमुख नाले हैं जो शहर के बरसाती पानी को नजफगढ़ नाले तक ले जाते हैं। लेग एक ड्रेन (सिकंदरपुर से पालम विहार वाया नजफगढ़), लेग दो ड्रेन (सेक्टर 42 हुडा सिटी सेंटर से नजफगढ़) और लेग तीन ड्रेन (घाटा गांव से वाटिका चौक, हीरो होंडा चौक, सेक्टर 99 से नजफगढ़ ड्रेन) जिसे बादशाहपुर ड्रेन भी कहा जाता है। सोहना रोड पर वाटिका चौक से एनएच 8 तक दक्षिणी पेरिफेरल रोड (एसपीआर) के साथ लगते मास्टर ड्रेन) लेग 4 का निर्माण चल रहा है।
वर्जन-
शहर में बारिश के पानी की निकासी के इंतजाम कराए जा रहे हैं। इस मानसून में शहर में जलभराव होने वाले जगहों की पहचान भी की जा रही है जो कमियां सामने आ रही हैं उसे अगले साल तक दूर कर दिया जाएगा। -राव नरबीर सिंह, कैबिनेट मंत्री हरियाणा सरकार