पेनल्टी शूटआउट में आर्मी और मयूर स्कूल ने बाजी मारी
- एपीजे स्कूल में इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, 17 स्कूलों की टीम पहुंची
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एपीजे इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। शुक्रवार को 17 टीमों के बीच मुकाबले हुए। पहले दिन केंद्रीय विद्यालय और मयूर स्कूल की टीम के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला। पेनल्टी शूटआउट में मयूर स्कूल ने केंद्रीय विद्यालय को 4-3 से और आर्मी पब्लिक स्कूल ने एपीजे स्कूल को 4-2 से हरा दिया। विजेता टीमों के बीच शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
इससे पहले मशाल जलाकर फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. सरिता पांडे ने कहा कि फुटबॉल टीमवर्क, सामर्थ्य और सहयोग की महत्ता को भी दर्शाता है। अंडर-15 वर्ग में एस्टर पब्लिक स्कूल ग्रेटर नाेएडा ने अर्सलाइन स्कूल को 3-2 से हरा दिया। एक अन्य मैच में एपीजे इंटरनेशनल स्कूल ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल को 2- 0 से हरा दिया। जबकि समसारा वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने 3-0 से प्रज्ञान स्कूल को हरा दिया। वहीं अंडर-18 वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने अर्सलाइन स्कूल को 1-0 से, एपीजे इंटरनेशनल स्कूल ने प्रज्ञान स्कूल को 1- 0 से हरा दिया। वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल और एपीजे स्कूल नोएडा के बीच मैच ड्रा हुआ। पेनल्टी शूट आउट में 4-2 से आर्मी पब्लिक स्कूल नोएडा ने जीत हासिल की। केंद्रीय विद्यालय नोएडा और मयूर स्कूल नोएडा के बीच मैच ड्रा हुआ और पेनल्टी शूट आउट में मयूर स्कूल नोएडा ने 4-3 से जीत हासिल की।