ग्रेटर नोएडा/दादरी। दादरी क्षेत्र के गांव लुहारली में एक ही रात में 12 से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में डकैती और तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक घर में दंपती के जागने पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर लूटपाट की। पीड़ित ने डकैती का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। चारों जगह से बदमाश करीब पौने दो लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर, कीमती सामान समेत लगभग दस लाख रुपये का माल ले गए। बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, गांव लुहारली में सतीश भाटी परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात बदमाशों ने पहले तो घर के बाहर से कुंडी लगा दी और फिर दीवार कूदकर अंदर घुस गए। इसके बाद घर में रखे 45 हजार रुपये, तीन तोले सोने के जेवर, कीमती सामान चुराकर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने विनीत भाटी के घर की बाहर से कुंडी लगा दी और घर में रखे 80 हजार रुपये, साढे़े चार तोले के सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान चुरा लिया। इसके बाद दिनेश भाटी के घर की कुंडी लगाकर अंदर घुस गए। घर में आवाज होने पर दिनेश और उनकी पत्नी जाग गए। उन्होंने बदमाशों को देखा, लेकिन जब तक कुछ समझ पाते बदमाशों ने उन्हें शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।
इससे वह डरकर दीवार के सहारे खड़े हो गए। यहां बदमाश लूटपाट करने के बाद पड़ोसी विजय भाटी के मकान में घुस गए। विजय का परिवार ग्रेटर नोएडा में रहता है। घर का ताला लगा था। बदमाश यहां से कीमती सामान ले गए। बदमाशों के जाने के बाद दिनेश ने कमरे में बंद होने पर शोर मचाया। इसके बाद घरों में बंद परिवारों के दरवाजे बाहर से खोले गए। घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बदमाशों के आतंक की घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बदमाशों के हाथ में हथियार साफ तौर पर दिख रहे हैं। एसीपी नितिन कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
विधायक की गली में भी वारदात का प्रयास
बुधवार रात इसी तरह हथियारबंद बदमाश दादरी विधायक की गली में पहुंचे थे। बदमाशों ने कुछ घरों की बाहर से कुंडी बंद कर दी थी। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें देख लिया तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी, लेकिन बदमाश गली में वारदात नहीं कर पाए। हालांकि, बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए थे। इसी गली में रहने वाले ठेकेदार ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आशंका जताई जा रही है दोनों स्थानों पर एक ही गिरोह ने वारदात की है।
घुमंतू गिरोह के सक्रिय होने की आशंका
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाशों में कुछ कच्छा बनियान पहने हुए दिख हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में कोई घुमंतू गिरोह सक्रिय हो गया है। हालांकि, इस आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि कोई गिरोह पुलिस को गुमराह करने के लिए घुमंतू गिरोह की तरह कपड़े पहनकर वारदात कर रहा हो। डीसीपी अमित कुमार का कहना है कि लुहारली गांव में चोरी की सूचना मिली है, घटना की जांच की जा रही है।