तिलोई। एसपीएन इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही माध्यमिक विद्यालयों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता मंगलवार को दूसरे दिन संपन्न हुई। प्रतियोगिता में आरवीएस कॉलेज तिलोई के अर्जुन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब जीता। समग्र प्रदर्शन के आधार पर राजा विश्वनाथ शरण इंटर कॉलेज तिलोई को ऑल ओवर चैंपियन घोषित किया गया।
लंबी कूद सीनियर बालक वर्ग में एसपीएन कॉलेज के विक्रम प्रथम और खानापुर चपरा के मोहम्मद जैद दूसरे स्थान पर रहे। सीनियर बालिका वर्ग में एसपीएन की पारुल यादव ने प्रथम और गोकुला की आरती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में आरवीएस के अर्जुन कुमार प्रथम और एसपीएन के राघवेंद्र दूसरे स्थान पर रहे।
400 मीटर दौड़ सीनियर बालिका वर्ग में राम जानकी सेमरौता की आरती यादव प्रथम और एसपीएन की ज्योति चौरसिया द्वितीय स्थान पर रहीं। 3000 मीटर दौड़ में एसपीएन के राजकमल ने प्रथम और आरबीएस के आशु ने दूसरा स्थान पाया। कार्यक्रम में एसपीएन इंटर कॉलेज के क्रीड़ाध्यक्ष राकेश कुमार वर्मा, गोकुल कॉलेज के क्रीड़ाध्यक्ष जोगेश्वर दिवाकर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व टीम प्रभारी उपस्थित रहे। जोनल संयोजक प्रेम कुमार मिश्र ने बताया कि सभी विजेता प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।